जबलपुर। मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना के 22वें दिन बुधवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। मुख्य चुनाव अधिकारी जस्टिस एसके पालो, सहायक चुनाव अधिकारी जीएस बघेल और दीपक अवस्थी के अनुसार मैदान में उतरे कुल 122 उम्मीदवारों में से अब तक 94 दावेदार बाहर हो चुके हैं। इस दौर में रीवा के डॉ. प्रवीण तिवारी और इन्दौर के शेख अलीम भी रेस से अलग हो गए। अब तक केवल 7 प्रत्याशी ही जीत का पैमाना पार कर पाए हैं, जिनमें इन्दौर से राकेश सिंह भदौरिया, अखिलेश कुमार सक्सेना, विवेक सिंह, हितोषी जय हार्डिया और जबलपुर से आरके सिंह सैनी एवं नित्यानंद मिश्रा प्रमुख रूप से शामिल हैं।
विशेष नियम से पांच महिला वकीलों का प्रवेश तय
निर्वाचन अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि नई परिषद में 5 पद महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं। सामान्य चक्र की गिनती में यदि कोई महिला दावेदार कम मतों के कारण बाहर भी हो जाती है, तब भी विशेष प्रावधान के तहत पांच महिलाओं को अनिवार्य रूप से निर्वाचित घोषित किया जाएगा। वर्तमान रुझानों की अग्रिम कतार में इन्दौर के नरेन्द्र कुमार जैन, जबलपुर के मनीष तिवारी, ग्वालियर के जितेन्द्र कुमार शर्मा और गौरव मिश्रा तथा रीवा के अखंड प्रताप सिंह अपनी मजबूत स्थिति बनाए हुए हैं। शेष मतपत्रों की जांच पूरी होते ही अंतिम परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
Tags
madhyapradesh
