जबलपुर। जबलपुर जिला शिक्षा केंद्र के अंर्तगत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आज बीएसी और जनशिक्षकों के 66 रिक्त पदों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया संपन्न हुई। जिला परियोजना समन्वयक योगेश शर्मा ने बताया कि चयन समिति में कलेक्टर द्वारा नामित प्रतिनिधि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, जिला शिक्षा अधिकारी, डाइट प्राचार्य सुनील शर्मा, सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता, एपीसी राजेश तिवारी और जिला प्रोग्रामर पारुल राय शामिल रहे। इसके अलावा अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीएल यादव तथा प्राचार्य आभा वानखेड़े भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इन सभी पदों के लिए कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से पात्रता के आधार पर शिक्षकों ने अपने रिक्त स्थानों का चयन किया।
क्या रही काउंसिलिंग की स्थिति
जिले में बीएसी के 26 रिक्त पद थे जिनमें से काउंसलिंग के माध्यम से पात्र 15 शिक्षकों ने अपने स्थान चुने। इसी तरह जनशिक्षकों के 40 रिक्त पदों में से 17 पात्र शिक्षकों ने पदों का चयन किया। इस प्रकार कुल 66 रिक्त पदों में से 32 शिक्षकों ने काउंसलिंग के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की। राज्य स्तर से जारी निर्देशों के अनुसार प्रति विकासखंड विषयवार 5 बीएसी और प्रति जनशिक्षा केंद्र 2 जनशिक्षकों के पद तय किए गए हैं ताकि प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से चल सकें।
शेष रिक्तियों के लिए होगी पुनः काउंसलिंग
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों का उच्च श्रेणी शिक्षक या माध्यमिक शिक्षक होना अनिवार्य है। इसके साथ ही संबंधित की आयु 52 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। शिक्षक के विरुद्ध कोई विभागीय जांच, आपराधिक प्रकरण या लंबे समय तक अनुपस्थित रहने की शिकायत दर्ज नहीं होनी चाहिए। काउंसलिंग में जो पद अभी रिक्त रह गए हैं, उनके लिए पात्र शिक्षकों की पुनः काउंसलिंग आयोजित की जाएगी जिसकी सूचना विभाग द्वारा अलग से प्रसारित की जाएगी।

