बताया गया है कि करैया गांव हिंडोरिया निवासी मुकेश अहिरवार उम्र 30 वर्ष आज अपने पड़ोसी मनोज अहिरवार के पास आया और घर में समस्या होने की बात कहकर साथ चलने कहा, मनोज के घर में पूजा चल रही थी, जिसके कारण मनोज ने थोड़ी देर में आने की बात कही। इसके बाद मुकेश चला गया और करैया रेल लाइन के पास ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद लोगों ने मुकेश देखा तो परिजनों को खबर दी। खबर मिलते ही पिता भरत अहिरवार उम्र 58 वर्ष व अपनी पत्नी उमा अहिरवार 55 वर्ष के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए, उन्होने बेटे मुकेश को पटरी पर मृत हालत में देखा तो स्तब्ध रह गए। दम्पति वहां से बिना किसी से कुछ कहे चले गए, करीब एक घंटे बाद वे घटनास्थल से 2 किमी आगे धरमपुरा फाटक के पास दोनों ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। मुकेश के माता पिता द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर मिलते ही पुलिस पहुंच गई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचा दिया। पुसिल का कहना है कि प्रारम्भिक तौर पर आत्महत्या की वजह पारिवारिक कलह हो सकती है।
दो साल पहले हुई थी शादी, पत्नी गर्भवती
भरत अहिरवार जिला अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड थे, उनके साथी भागचंद अहिरवार ने बताया कि दोनों करीब 7 साल से साथ काम कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक, मुकेश की शादी करीब 2 साल पहले हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है। मुकेश निजी काम करता था।