जीआरपी के अधिकारियों ने बताया कि रंजन यादव बीते दिन मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से कामायनी एक्सप्रेस की एस-8 बोगी में 12 नंबर बर्थ पर सवार होकर बनारस जा रहे थे। आज दोपहर कटनी-मैहर स्टेशन के बीच उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। बोगी में बैठे यात्रियों ने देखा घबरा गए, वे कुछ समझ पाते इससे पहले रंजन यादव की मौत हो गई। इस बीच मृतक के मोबाइल पर उनके भाई का फोन आया, जिसे एक सहयात्री ने रिसीव कर घटना की सूचना दी। इसके अलावा घटना की जानकारी जीआरपी को दी। सतना स्टेशन पर जीआरपीट ने शव को उतरवाकर शासकीय अस्पताल पहुंचा दिया। जीआरपी ने भी बनारस में रहने वाले परिजनों को जानकारी दे दी है। परिजनों के सतना पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।